
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आ रही है। रांची स्थित हिल व्यू अस्पताल में भर्ती रूपी सोरेन की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है । सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें 18 सितंबर की सुबह अस्पताल में दाखिल कराया गया था। शुरुआती जांच में इंफेक्शन के संकेत मिले थे और बीच में कुछ स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं भी आई थीं, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बाहरी ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा। हालांकि, अब उनकी स्थिति में लगातार सुधार देखा जा रहा है।
देश के प्रमुख अस्पतालों के डॉक्टरों से ली जा रही सलाह
हिल व्यू अस्पताल के निदेशक डॉ. नितेश प्रिया ने जानकारी दी कि रूपी सोरेन का इलाज बेहद सतर्कता और डॉक्टरों की विशेष टीम की निगरानी में किया जा रहा है। चूंकि उनका पहले से भी देश के कुछ प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में इलाज चलता रहा है, इसलिए नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल, हैदराबाद के एआईजी और स्थानीय वरिष्ठ चिकित्सकों की सलाह से ही पूरा इलाज तय किया गया है।
अस्पताल पहुंचकर हाल-चाल ले रहे मुख्यमंत्री
अपनी मां की देखरेख के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी व विधायक कल्पना सोरेन लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को भी मुख्यमंत्री ने अस्पताल जाकर डॉक्टरों से मां की सेहत का पूरा अपडेट लिया। झामुमो के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी लगातार अस्पताल आकर उनका हाल-चाल जान रहे हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर 24 घंटे नजर बनाए हुए है और परिजनों को उम्मीद है कि वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटेंगी।

