
साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिला अंतर्गत राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर में रविवार सुबह 55 वर्षीय गौर बागती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर निवासी स्वर्गीय चतुर बागती के पुत्र गौर बागती रोज की तरह रविवार सुबह अपने एक दोस्त के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान उधवा-केलाबाड़ी फोरलेन पर राधानगर थाना मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दक्षिण, मोहनपुर बजरंगबली पंचमुखी हनुमान मंदिर के आगे किसी ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद राधानगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर गौर बागती के साथ मॉर्निंग वॉक पर गए एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच कर रही है। बताया गया कि गौर बागती प्राइवेट अमीन के तौर पर काम करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, मां और एकमात्र पुत्र हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

