Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आमबगान स्थित ओम प्लाजा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार मानगो निवासी पूनम ओझा बाजार से खरीदारी कर लौट रही थीं। वह पैदल ऑटो स्टैंड की ओर जा रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक उन्हें ओवरटेक कर आगे निकल गए।
कुछ दूरी पर जाकर दोनों बदमाश बाइक घुमाकर वापस आए और मौका मिलते ही पूनम ओझा के गले से सोने की चेन झपट ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी जेल चौक की ओर फरार हो गए।घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पूनम ओझा के बेटे आकाश ओझा ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये के बीच है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

