Home » Seraikela News: जयदा मंदिर घाट पर सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान युवक डूबा, दूसरे दिन भी तलाश जारी

Seraikela News: जयदा मंदिर घाट पर सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान युवक डूबा, दूसरे दिन भी तलाश जारी

प्रेम कुमार अपने मित्र आशुदेव कुमार के साथ बाइक से चांडिल क्षेत्र घूमने आया था। दोनों युवक जयदा मंदिर पहुंचे और मंदिर परिसर के नीचे स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट की ओर चले गए। घाट पर पहुंचने के बाद प्रेम कुमार नदी में नहाने उतर गया, जबकि उसका मित्र किनारे पर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो और रील बना रहा था।

by Mujtaba Haider Rizvi
seraikela drowning
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

 

Seraikela: सरायकेला-खरसावां (झारखंड): चांडिल अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक जयदा मंदिर के समीप सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूब जाने का मामला सामने आया है। सोमवार देर शाम हुई इस घटना के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। मंगलवार को भी प्रशासन की ओर से सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

गौरतलब है कि डूबने वाला युवक जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी नगर, सिद्धू-कान्हू बस्ती, जोन नंबर-2 निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू है। घटना की सूचना मिलते ही चौका और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू कर दी।

बताया गया कि प्रेम कुमार अपने मित्र आशुदेव कुमार के साथ बाइक से चांडिल क्षेत्र घूमने आया था। दोनों युवक जयदा मंदिर पहुंचे और मंदिर परिसर के नीचे स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट की ओर चले गए। घाट पर पहुंचने के बाद प्रेम कुमार नदी में नहाने उतर गया, जबकि उसका मित्र किनारे पर खड़े होकर मोबाइल से वीडियो और रील बना रहा था।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ देर बाद प्रेम कुमार गहरे पानी की ओर बढ़ गया और अचानक डूबने लगा। उसे डूबता देख उसका मित्र शोर मचाते हुए बचाने का प्रयास करता रहा, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण समय पर सहायता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते युवक नदी की गहराई में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं बेटे के डूबने की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस ने बताया कि अंधेरा होने के कारण सोमवार रात सर्च अभियान में कठिनाई हुई। मंगलवार सुबह एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया और युवक की तलाश के लिए अभियान तेज किया गया। प्रशासन की ओर से लगातार खोजबीन जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ की विधायक सविता महतो भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा प्रशासन को जल्द से जल्द युवक की तलाश और रिकवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Read also Ranchi News: धरती आबा के संघर्ष और आदर्श सदैव प्रेरित करते रहेंगे : हेमंत सोरेन

Related Articles

Leave a Comment