Home » JSLPS Simdega, AI Training :सिमडेगा में अधिकारियों-कर्मियों को दिया गया एआई का प्रशिक्षण

JSLPS Simdega, AI Training :सिमडेगा में अधिकारियों-कर्मियों को दिया गया एआई का प्रशिक्षण

दो दिवसीय कार्यशाला में सरकारी कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दो दिवसीय कार्यशाला में सरकारी कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
रांची : सरकारी कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए सिमडेगा में जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों व कर्मियों के लिए दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी। 10 और 11 सितंबर को आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों-कर्मियों को एआई के विभिन्न उपयोगों के साथ इसके व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी दी गयी।
सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि नई तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल प्रशासनिक कार्यों को तेज और गुणवत्तापूर्ण बनाने में मददगार हो सकता है। एआई के उपयोग से पदाधिकारी कम समय में अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगे। इससे सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आम लोगों तक योजनाओं व सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
कार्यशाला में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), ग्रामीण विकास विभाग और जीडीआई पार्टनर्स के तकनीकी विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को एआई की अवधारणा, विभिन्न एआई टूल्स और सरकारी कामकाज में इसके संभावित उपयोगों की जानकारी दी गयी। इसके साथ ही हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल सेशन के माध्यम से अधिकारियों और कर्मियों को एआई के इस्तेमाल का अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण का संचालन जीडीआई के विशेषज्ञ अंशुल गुप्ता और जान्हवी बहादुर ने किया। जेएसएलपीएस की ओर से विष्णु चरण परिडा, अमित जैन, हेम राज समेत अन्य पदाधिकारियों ने समन्वय और तकनीकी सहयोग दिया। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किये गये।
जिला प्रशासन के स्तर पर एआई प्रशिक्षण आयोजित करने की यह पहल सरकारी कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles