
Jamshedpur : सोनारी के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार कथित साजिशकर्ताओं को छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को जमशेदपुर लाकर बिष्टुपुर और सोनारी थाना में पूछताछ की जा रही है। इससे पहले रायपुर पुलिस ने भी सभी से पूछताछ की थी।
पुलिस के अनुसार, रायपुर टोल प्लाजा के पास से मनोज सरकार, दीपू ओझा, शंकर मुंडा और टीटू शर्मा को पकड़ा गया। बताया गया है कि चारों दो वाहनों से भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
पूछताछ में पुलिस को फायरिंग की घटना की साजिश और इसके पीछे के कारणों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डोमिनिक से पूछताछ के दौरान भी कथित साजिशकर्ताओं से संबंधित जानकारी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि जमीन और रेलवे से जुड़े कारोबार में बढ़ते हस्तक्षेप को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद फायरिंग कांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकती है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
गौरतलब है कि शनिवार को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में अपराधियों ने गोलीबारी की थी। घटना में डोमिनिक सेमसन, दिलशाद, रिजवान और सोनारी निवासी कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

