
Chaibasa News : टाटा स्टील फाउंडेशन ने नदीपार को हराकर खिताब पर जमाया कब्जा चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के गुवा थाना क्षेत्र में रविवार को एक 13 वर्षीय छात्र के लापता होने से हड़कंप मच गया। लापता छात्र गुवा डीएवी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता है। वह फैब्रिकेशन कॉलोनी निवासी साकेत पान का बेटा है। जानकारी के मुताबिक, बच्चा रविवार दोपहर करीब 3 बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर बैग लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह भट्टीसाई इलाके में अपने दो दोस्तों के साथ खेलने लगा। खेलते-खेलते उसने दोस्तों से नदी की तरफ चलने को कहा, लेकिन दोनों ने मना कर दिया। इसके बावजूद वह अकेला ही नदी की ओर चला गया।
नदी किनारे पहुंचकर उसने पैंट और चप्पल उतार दिए। दोस्तों ने उसे लौटने को कहा, पर वह नहीं माना। कुछ देर बाद जब दोनों दोस्त वापस लौटे और पीछे मुड़कर देखा तो वह वहां नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बीच वह कारो नदी में डूब गया।
शाम करीब 4 बजे दोस्तों ने बस्ती पहुंचकर परिजनों और लोगों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंचे और खोजबीन शुरू की। सूचना पर प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची और लोगों के साथ मिलकर नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
लगातार बारिश के कारण कारो नदी उफान पर है। इसी वजह से तलाश में दिक्कत आ रही है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि नदी में काफी खोजबीन की गई, लेकिन छात्र नहीं मिला। सोमवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी में नहाने या मछली पकड़ने न जाएं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read Also

