
Dhanbad : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। दुर्गापुर स्थित काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
धनबाद पहुंचने से पहले तरुण कपूर ने मैथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे कोयला भवन पहुंचे, जहां कॉन्फ्रेंस हॉल में बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
दो दिवसीय दौरे के दौरान तरुण कपूर बीसीसीएल की विभिन्न खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों और पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करेंगे। वे मुनीडीह क्षेत्र में संचालित कोल बेड मीथेन (सीबीएम) और लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का स्थलीय जायजा लेंगे। इसके अलावा कुसुंडा क्षेत्र के एना फायर प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे उच्च जोखिम वाले अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों से सीधा संवाद भी करेंगे।
मंगलवार को प्रधानमंत्री के सलाहकार झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया और करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान, जेआरडीए, एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल और टेलीकॉम विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक प्रस्तावित है।
तरुण कपूर के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। उनके दौरे के दौरान कोयला खनन, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और झरिया मास्टर प्लान की प्रगति पर विशेष फोकस रहने की संभावना है।

