Home » Jamshedpur News : टाटा मोटर्स कर्मचारियों का बोनस समझौता आज ! अप्रेंटिस बहाली का मुद्दा भी अहम

Jamshedpur News : टाटा मोटर्स कर्मचारियों का बोनस समझौता आज ! अप्रेंटिस बहाली का मुद्दा भी अहम

प्रबंधन और यूनियन के बीच अंतिम दौर की बातचीत की तैयारी, दोपहर बाद समझौते पर हस्ताक्षर

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर सोमवार को महत्वपूर्ण फैसला होने की संभावना है। प्रबंधन और वर्कर्स यूनियन के बीच बोनस समझौते को लेकर अंतिम दौर की बातचीत प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि बैठक में बोनस के फॉर्मूले पर सहमति बनने के बाद दोपहर या शाम तक समझौते पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।

बोनस के साथ इस बार अप्रेंटिस बहाली का मुद्दा भी बातचीत के केंद्र में रहने की संभावना है। यूनियन की ओर से कर्मचारियों के आर्थिक हितों के साथ भविष्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। अप्रेंटिस बहाली को लेकर बातचीत आगे बढ़ने से कंपनी कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं की भी निगाहें आज होने वाली वार्ता पर टिकी हैं।

सुबह तय होगा बैठक का समय

सोमवार सुबह करीब नौ बजे के बाद प्रबंधन और यूनियन के बीच बैठक का समय तय किया जाएगा। बैठक में बोनस से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर अंतिम समझौते की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
यूनियन की कोशिश है कि बोनस वार्ता के साथ कर्मचारियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सकारात्मक परिणाम सामने आएं। इनमें अप्रेंटिस की बहाली को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

पिछले वर्ष 12.3 प्रतिशत मिला था बोनस

पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था। इसके तहत कर्मचारियों को अधिकतम 75,223 रुपये और औसतन 50,160 रुपये का भुगतान किया गया था। वहीं करीब 1,200 बाइसिक्स कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस मिला था। इसके अलावा 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की सहायता राशि दी गयी थी।

इस वर्ष कर्मचारियों की नजर बोनस की दर और भुगतान राशि के साथ अप्रेंटिस बहाली को लेकर होने वाले निर्णय पर भी है। अंतिम तस्वीर प्रबंधन और यूनियन के बीच होने वाली बातचीत के बाद ही स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Comment