
Jamshedpur : टाटा मोटर्स से जुड़े सूचीबद्ध (लिस्टेड) कॉन्वॉय चालकों की 16 माह से लंबित वेतनवृद्धि राशि के भुगतान को लेकर शनिवार को टेल्को चेसिस यार्ड में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत लगभग एक घंटे तक बुकिंग प्रणाली बंद रखी गई। चालकों ने वेतनवृद्धि समझौते के तहत बकाया राशि के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया।
आंदोलन के दौरान मान्यता प्राप्त ऑल इंडिया कॉन्वॉय वर्क्स यूनियन के महामंत्री जयनारायण सिंह, टीटीसीए के बुकिंग क्लर्क एवं अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद महत्वपूर्ण सहमति बनी। वार्ता के उपरांत यह घोषणा की गई कि 29 जुलाई 2026 से सूचीबद्ध कॉन्वॉय चालकों को वेतनवृद्धि की राशि संबंधी भुगतान स्लिप वितरित की जाएगी।
ऑल इंडिया कॉन्वॉय वर्क्स यूनियन के महामंत्री जयनारायण सिंह ने कहा कि “16 माह से लंबित वेतनवृद्धि की राशि का भुगतान हर हाल में कराया जाएगा। यह कर्मचारियों का अधिकार है और यूनियन उनकी मांग पूरी कराने के लिए लगातार प्रयासरत रही है। अब भुगतान की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है और सभी पात्र चालकों को इसका लाभ मिलेगा।”
इस आश्वासन के बाद आंदोलनरत सूचीबद्ध कॉन्वॉय चालकों ने अपना आंदोलन एवं प्रस्तावित गेट जाम कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
ऑल इंडिया कॉन्वॉय चालक संघ के महामंत्री बिनोद कुमार सिंह ने टीटीसीए प्रबंधन, टाटा मोटर्स प्रबंधन तथा ऑल इंडिया कॉन्वॉय वर्क्स यूनियन के महामंत्री जयनारायण सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह संघर्ष चालकों की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चालकों की मांग पूरी तरह न्यायसंगत थी और लंबे समय से लंबित भुगतान के लिए लगातार आवाज उठाई जा रही थी।
बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 16 महीनों से वेतनवृद्धि की राशि रोकी गई थी। प्रत्येक सूचीबद्ध कॉन्वॉय चालक को लगभग 60,000 से 70,000 तक का एरियर मिलना है। इस निर्णय का लाभ लगभग 950 सूचीबद्ध कॉन्वॉय चालकों को मिलेगा। भुगतान प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा के बाद चालकों में संतोष का माहौल है और जल्द ही बकाया राशि मिलने की उम्मीद है।


