
चाईबासा : नगर परिषद चुनाव के 6 महीने बाद आखिरकार वार्ड पार्षदों को नगर परिषद कार्यालय में बैठने के लिए स्थायी कक्ष मिल गया है। शुक्रवार को नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश की मौजूदगी में वार्ड पार्षद कक्ष पार्षदों को सौंपा गया। अब तक कक्ष नहीं होने से पार्षदों को आपस में विचार-विमर्श, बैठक और जनसमस्याओं के समाधान में परेशानी हो रही थी।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद बेला जेराई ने खुशी जताते हुए कहा कि 6 महीने के लंबे इंतजार के बाद पार्षद कक्ष मिला है, इससे काफी प्रसन्नता है। उन्होंने कहा कि चार बोर्ड बैठकों के बाद पहली बार वार्ड पार्षदों के लिए समर्पित कार्यालय कक्ष उपलब्ध हुआ है, जो पार्षदों के कार्य के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। वहीं वार्ड पार्षद शैलेश प्रसाद ने नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश का आभार जताते हुए कहा कि स्थायी कक्ष मिलने से पार्षदों को जनसमस्याओं पर चर्चा करने और आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए बेहतर तरीके से काम करने में सुविधा होगी। अब पार्षद एक जगह बैठकर वार्ड की समस्याओं पर सामूहिक रूप से विचार कर सकेंगे।
बता दें कि चाईबासा नगर परिषद चुनाव के बाद से ही वार्ड पार्षद लगातार अपने लिए एक अलग कक्ष की मांग कर रहे थे। कक्ष नहीं होने से उन्हें कार्यालय में बैठने, जनता से मिलने और बैठक करने में दिक्कत होती थी। कई बार इस मुद्दे को बोर्ड की बैठक में भी उठाया गया था।
शुक्रवार को कक्ष आवंटन के दौरान सभी वार्ड पार्षद, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे। पार्षदों ने कहा कि इस पहल से नगर की विकास योजनाओं और जनहित के कार्यों में तेजी आएगी और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने में मदद मिलेगी।

