
Chaibasa : करमा पर्व की पवित्र डाली का विसर्जन शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हो गया।
विधायक सुखराम उरांव के बनमालीपुर स्थित आवास पर करमा पूजा का विशेष आयोजन किया गया था। रात भर चले इस कार्यक्रम में मांदर की थाप पर लोग जमकर झूमे। बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद करमा डाली का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान भी करम गीतों और मांदल की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते रहे। इस अवसर पर नवमी उरांव ने विधि-विधान से करमा डाली की पूजा की।
इधर आसनतलिया हेलीपैड मैदान में सार्वजनिक करमा अखाड़ा समिति की ओर से सामूहिक करमा पर्व मनाया गया। बुधवार शाम विसर्जन से पहले मैदान में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यहां सामूहिक नृत्य का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के महिला-पुरुषों के साथ अतिथियों ने भी मांदर की थाप पर जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम के समापन के बाद देर शाम करमा डाली का विसर्जन किया गया।

वहीं पंप रोड में पूर्व वार्ड पार्षद ज्योति केरकेट्टा और समाजसेवी संजय केरकेट्टा के आवास पर भी धूमधाम से करमा डाली का विसर्जन हुआ। लोगों ने एक-दूसरे को करमा पर्व की बधाई दी।
इसके अलावा पोटका उरांव बस्ती, सेताहाका, रुंगसाई, श्यामरायडीह, गोपीनाथपुर, जोजोकुड़मा, लावजोड़ा, महुलपानी, जामीद सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी करमा पूजा धूमधाम से मनाई गई। उपासकों ने विधिवत पूजा कर करमा धर्म की कथा सुनी।
देर शाम चक्रधरपुर के मुख्य मार्ग से बड़ी संख्या में लोग करमा डाली लेकर नदी की ओर विसर्जन के लिए जाते नजर आए।

