Home » Chaibasa T20 cricket league : पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग: हाई-स्कोरों का आतिशी रोमांच, पहला मुकाबला टाई तो दूसरे में चमका कोल्हान किंग

Chaibasa T20 cricket league : पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग: हाई-स्कोरों का आतिशी रोमांच, पहला मुकाबला टाई तो दूसरे में चमका कोल्हान किंग

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग में मंगलवार को दर्शकों को चौकों-छक्कों की जबरदस्त बरसात के साथ हाई-स्कोरेबल क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। दिन के पहले सांस रोक देने वाले मुकाबले में विशाल स्कोर बनने के बाद मैच बराबरी पर छूटा, वहीं दूसरे मुकाबले में कोल्हान किंग ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत की लय को बरकरार रखा।

सुबह नौ बजे खेले गए दिन के पहले मैच में मनोहरपुर लायंस और सारंडा वारियर्स की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मनोहरपुर लायंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 256 रनों का विशाल पहाड़ खड़ा कर दिया। टीम के स्टार बल्लेबाज मयंक पाल ने मैदान के हर कोने में शॉट खेलते हुए महज 55 गेंदों पर 14 चौकों और 13 गगनचुंबी छक्कों की बदौलत 149 रनों की तूफानी नाबाद पारी खेली। उनका साथ निभाते हुए जिशान हाशमी ने 34 रनों का योगदान दिया। सारंडा वारियर्स की तरफ से विवेक कुमार ही एकमात्र असरदार गेंदबाज रहे, जिन्होंने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

257 रनों के असंभव से दिख रहे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारंडा वारियर्स की टीम ने भी हार नहीं मानी और आक्रामक बल्लेबाजी का जबरदस्त मुआयना पेश किया। सारंडा वारियर्स ने भी पूरे 20 ओवर में सात विकेट पर 256 रन बनाकर मैच को अभूतपूर्व तरीके से टाई करा दिया। सारंडा की ओर से विवेक कुमार ने 8 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। वहीं अंकित शर्मा ने महज 16 गेंदों पर 10 आतिशी छक्कों के साथ 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस दौरान अंकित ने विरोधी गेंदबाज विशाल शर्मा के एक ही ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर स्टेडियम में सनसनी फैला दी। मनोहरपुर की तरफ से तन्मय तंतुबाई, विनय यादव और सुप्रियो चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। नियमानुसार दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया। मयंक पाल को उनकी रिकॉर्डतोड़ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार नगर परिषद के उपाध्यक्ष विकास शर्मा द्वारा प्रदान किया गया।

दोपहर एक बजे शुरू हुए दिन के दूसरे मुकाबले में कोल्हान किंग का सामना चाईबासा चैलेंजर्स से हुआ। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोल्हान किंग की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 223 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाज रोबिन मिंज ने धमाकेदार खेल दिखाते हुए 39 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों के साथ 82 रनों की पारी खेली, जबकि आशीष तनवर ने 23 गेंदों में 2 चौके और 6 छक्के लगाकर 52 रन ठोके। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से आकाश कुमार और एमोस एक्का ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 193 रन ही बना सकी और मुकाबले को 30 रनों से गंवा बैठी। चाईबासा के लिए सचिन दूबे ने 84, अरविंद कुमार ने 42 और सुमित शर्मा ने 41 रन बनाकर संघर्ष तो किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कोल्हान किंग के बाएं हाथ के स्पिनर आशीष कुमार सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जबकि विश्वजीत सिंह को दो और सन्नी मिश्रा को एक विकेट मिला। रोबिन मिंज को उनकी बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह सम्मान जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष सह लीग गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मूंधड़ा ने भेंट किया।

Read Also Chaibasa News : नशा कारोबार छोड़ मुख्यधारा से जुड़ीं महिलाएं, वार्षिक आम सभा में साझा की प्रेरक कहानी

Related Articles

Leave a Comment