
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में 22 सितंबर से शुरू होने जा रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसे लेकर संचालन परिषद की बैठक परिषद के अध्यक्ष सह जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मूंधड़ा की अध्यक्षता में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में हुई। बैठक में लीग की पूरी रूपरेखा तय की गई। आयोजन कंपनी स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पीयूष आनंद ने पूरे कार्यक्रम का ब्यौरा रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
परिषद ने निर्णय लिया कि लीग की ट्रॉफी का अनावरण गुरुवार 27 अगस्त को सुबह 11 बजे होटल सैफरन सूट में किया जाएगा। समारोह में जिले के वरीय अधिकारियों के अलावा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम और सभी फ्रेंचाइजी मालिक मौजूद रहेंगे।
फैनकोड पर होगा सीधा प्रसारण
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सभी मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा। लीग में आइकॉन खिलाड़ी के रूप में झारखंड रणजी टीम के कप्तान विराट सिंह, केकेआर के अनुकूल रॉय, इंडिया-ए के कुमार कुशाग्र, मुंबई इंडियंस के रोबिन मिंज, राजस्थान रॉयल्स के सुशांत मिश्रा और झारखंड टी-20 लीग में धमाल मचाने वाले उत्कर्ष सिंह शामिल होंगे।
6 फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा
इस लीग में चाईबासा चैलेंजर्स, कोल्हान टाइटंस, चक्रधरपुर रॉयल्स, सारंडा वारियर्स, किरीबुरु ब्लास्टर्स और जगन्नाथपुर टाइगर्स कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मैच ओपन लीग फॉर्मेट में खेले जाएंगे। लीग चरण के बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी और फाइनल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन खेला जाएगा।
खिलाड़ियों की नीलामी में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित लगभग 125 खिलाड़ी शामिल होंगे।

