रांची : पूरे राज्य में मानसून सक्रिय हो चुका है। गुरुवार को राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में हुई झमाझम वर्षा के बाद मौसम सुहावना हो गया। जिले के किसानों ने भी राहत की सांस ली है। दरअसल पिछले कुछ दिनों तक हुए वर्षापात सामान्य से कम बताया गया जबकि गुरुवार को हुई तेज वर्षा ने किसानी को राहत दी है।
वहीं दूसरी ओर वर्षा के बाद सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान जमकर वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है, यही वर्षा खेती के लिहाज से अच्छी होगी और खरीफ फसलों को काफी लाभ मिलेगा। आंकड़ों की माने तो अब तक पूरे राज्य में सामान्य से 38 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
मौसम विभाग केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार 7 और 8 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में वर्षा होगी। दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां और मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, हजारीबाग, गुमला में कहीं कहीं तेज वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो सबसे अधिक वर्षा 42.4 मिमी पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में रिकार्ड की गई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री देवघर का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री रांची का रिकार्ड किया गया। बताया गया कि 8, 9 और 10 जुलाई को राज्य के कई स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा होगी।
1 जून से 6 जुलाई तक जिलों में हुई इतनी वर्षा :
रांची में 135.5 मिमी, बोकारो 112.2 मिमी, चतरा 61.8 मिमी, देवघर 203, धनबाद 70.3 मिमी, दुमका 208.5, पूर्वी सिंहभूम 135.5, गढ़वा 182, गिरिडीह 100.5, गोड्डा 258, गुमला 146.4, हजारीबाग 140.8, जामताड़ा 97.7, खूंटी 152.8, कोडरमा 139, लातेहार 100.3, लोहरदगा 144.5, पाकुड़ 230.9, पलामू 122.8, रामगढ़ 110.3, साहेबगंज 421.8, सरायकेला खरसावां 84.6, सिमडेगा 288.7, पश्चिमी सिंहभूम 128.9 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है।
पूरे झारखंड में अब तक कुल 148.3 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है जबकि सामान्य रुप से अब तक वर्षापात 246.2 मिमी की जरुरत है।
कुछ ऐसा रहेगा राजधानी का तापमान :
7 जुलाई : सामान्यत: बादल छाए रहेंगे, दो या अधिक बार हल्की व मध्यम दर्जे की होगी वर्षा, अधिकतम 31 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
8 जुलाई : सामान्यत: बादल छाए रहेंगे एकाध बार हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है, अधिकतम 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
9 जुलाई : सामान्यत: बादल छाए रहेंगे एकाध बार हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है, अधिकतम 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
10 जुलाई : आंशिक बादल छाए रहेंगे, एक या दो बार हल्की या मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना, अधिकतम 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस।

