
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीहा पंचायत के धोबाडीहा गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली के खंभे पर काम कर रहे एक युवक को तेज करंट लग गया और वह नीचे गिर पड़ा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
काम करते समय लगा करंट
मृतक की पहचान पप्पु सुरीन के रूप में हुई है। गांव में वह बिजली से जुड़े छोटे-मोटे काम करता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को करीब शाम 5 बजे गांव में बिजली की दिक्कत आ गई थी। इसी बीच किसी के कहने पर पप्पु लाइन ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया।काम के दौरान अचानक उसे करंट का तेज झटका लगा। करंट लगते ही वह संतुलन खो बैठा और पीसीसी सड़क पर जा गिरा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सीएचसी में इलाज के दौरान मौत
घायल अवस्था में ग्रामीणों ने आनन-फानन में पप्पु को सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
परिवार का एकमात्र सहारा था पप्पु
परिजनों ने बताया कि पप्पु बिजली विभाग के लिए भी अस्थायी तौर पर काम करता था। गांव में जब भी फॉल्ट आता था तो लोग उसे ही बुलाते थे। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है, ताकि उनके सामने रोजी-रोटी का संकट न आए।
Read Also West singhbhum News : केरल में ट्रेन हादसे में चाईबासा के मजदूर की मौत, शव लाने के लिए पैसे नहीं


