चाईबासा : झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची (जैक बोर्ड) की ओर से आयोजित आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा सोमवार को दो पालियों में शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त संपन्न हुई। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के 18 प्रखंडों के 195 केंद्रों में 25 हजार 630 विद्यार्थियों को आठवीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश-पत्र जारी किया गया था। पहली व दूसरी पाली में क्रमशः 24 हजार 623 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि, 1007 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं और व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
पर्याप्त संख्या में हुई शिक्षकों की तैनाती
पर्याप्त संख्या में वीक्षकों की तैनाती की गई थी। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित केंद्रों तक पहुंचाने और उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण की समुचित व्यवस्था की गई थी। परीक्षा ओएमआर शीट पर ली गई। पहली पाली सुबह 9.45 बजे से दोपहर 1 बजे तक हिंदी, अंग्रेजी एवं अतिरिक्त भाषा संस्कृत व क्षेत्रीय भाषाओं की, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक गणित, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित हुई।

