जमशेदपुर : Jamshedpur Women’s University : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता की ओर से गठित की गई परचेज एंड सेल्स कमेटी सवालों के घेरे में आ गई है। विश्वविद्यालय की ओर से दी जा रही आधिकारिक सूचना के अनुसार यूनिवर्सिटी के परचेज एंड सेल्स कमेटी में कुल तीन लोग हैं, जिसमें दो पदों की जिम्मेदारी एक ही व्यक्ति के पास है। यानी कमेटी में कुल तीन लोग दिखाई दे रहे हैं, लेकिन हकीकत में महज दो लोग मिलकर खरीद-बिक्री से संबंधित निर्णय लेने के लिए अधिकृत किए गए हैं। डॉ. जावेद अहमद डीन साइंस तथा बतौर वित्त अधिकारी मेंबर सेक्रेटरी के रूप में कमेटी में शामिल किए गए हैं।


Jamshedpur Women’s University : आखिर डॉ. जावेद अहमद पर इतनी मेहरबानी क्यों
विश्वविद्यालय की वर्तमान व्यवस्था में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर डॉ. जावेद अहमद पर इतनी मेहरबानी क्यों की जा रही है। डॉ. पीके पाणि का कार्यकाल खत्म होने के बाद से डॉ. जावेद अहमद लगातार विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी बने हुए हैं। कार्यकाल खत्म होने के बावजूद उनका बार-बार एक्सटेंशन कराया जा रहा है। जुलाई में भी बतौर वित्त पदाधिकारी उनका कार्यकाल खत्म हो गया था, लेकिन राजभवन को भेजी गई वित्त पदाधिकारी के लिए नाम की अनुशंसा में एक बार फिर डॉ. जावेद अहमद का नाम जोड़ा गया। यह महज संयोग कहा जाए या कुछ और, अनुशंसा में शामिल दो और नाम को किनारे कर एक बार फिर डॉ. जावेद अहमद के नाम पर मुहर लगाई गई।
Jamshedpur Women’s University : कौन हैं जावेद अहमद
वित्त पदाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. जावेद अहमद गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर हैं। विश्वविद्यालय में लिए जा रहे वित्त संबंधी तमाम निर्णयों में वह शामिल हैं। वह जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज के समय से ही पदस्थापित हैं।
Jamshedpur Women’s University : रजिस्ट्रार और वित्त पदाधिकारी ने नहीं रिसीव किया फोन
पूरे मामले में विश्वविद्यालय का पक्ष लेने के लिए कुलसचिव राजेंद्र जायसवाल और वित्त पदाधिकारी जावेद अहमद से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया।
Jamshedpur Women’s University : विश्वविद्यालय में जो कुछ चल रहा, सब बाहर आएगा : छात्र नेता
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में चल रहे ठेका सिंडिकेट को लेकर छात्र आजसू के नेता हेमंत पाठक ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि विश्वविद्यालय में वित्त समिति की बजाय परचेज एवं सेल्स कमेटी तमाम वित्तीय निर्णय ले रही है। इस कमेटी में केवल दो लोग मिलकर फैसला ले रहे हैं। यह अपने आप में बड़े सवाल पैदा करता है। कमेटी में दो पद पर एक ही व्यक्ति काम कर रहा है। आखिर जावेद अहमद पर इतनी मेहरबानी बनाकर क्यों रखी गई है। इस मामले में राजभवन से शिकायत की जाएगी। जांच में सब कुछ बाहर आ जाएगा।
Jamshedpur Women’s University : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी पहुंचे लोजपा नेता, कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के गेट पर छात्रा के बेहोश होने के मामले में बरती गई लापरवाही का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर लोजपा ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराया है। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में प्राथमिक उपचार केंद्र नहीं होने पर अपनी आपत्ति जताई है।
पार्टी के प्रदेश महासचिव बंटी उपाध्याय ने शनिवार को विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजेंद्र जायसवाल एवं डॉ सुधीर कुमार साहू से मिलकर विगत गुरुवार को यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर छात्रा के बेसुध होने पर सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली से लेकर ठेकेदार के सुपरवाइजर एवं सुरक्षा कर्मियों के पत्रकार से उलझने तक की घटना की निंदा की। साथ ही दोबारा ऐसा होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बंटी उपाध्याय ने बताया कि यूनिवर्सिटी परिसर में प्राथमिक उपचार केंद्र के सवाल पर कुलसचिव ने जल्द से जल्द या सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

