देवघर : Deoghar Sawan Mela 2024 : श्रावणी मेला का उद्घाटन हर हर महादेव के गगनभेदी जय घोष के बीच हो गया। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि दूसरे अन्य तीर्थ स्थल की तरह देवघर में भी कोरिडोर बन जाए तो तीर्थयात्रियों को बहुत सहूलियत होगी। समारोह के मुख्य अतिथि श्री ठाकुर ने कहा कि पर्यटन विभाग ने 900 करोड़ का अनुमानित डीपीआर बनाया है।
पर्यटन सचिव को पीपीटी बनाकर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है। कहा कि देवघर वासियों के सहयोग से यह पूरा होगा। मिथिलेश ने देश के तीर्थयात्रियों को भरोसा दिया कि मेला में सारी व्यवस्था की गयी है। कोई कठिनाई नहीं होगी। भरोसा जताया कि 60 लाख से अधिक श्रद्धालु मेला में आएंगे। सभी विभाग तैयार है। शहरवासी भी भक्त के आतिथ्य को तैयार हैं।
कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि श्रद्धालु एक अद्भुत स्मृति लेकर जाएं। इसके लिए सरकार और प्रशासन की तैयारी है। अधिकारी इसका ध्यान रखें। भक्तों की सुखद अनुभूति ही सरकार और झारखंड की सफलता होगी।
कृषि मंत्री ने बाबा से कामना किया कि इतनी वर्षा हो कि किसान खुशहाल हो जाएं। केंद्र सरकार और नीति आयोग से आग्रह कि वह राज्य सरकार के प्रस्ताव पर ध्यान दे। दस हजार करोड़ का बकाया भुगतान दे।
इससे पहले रिमझिम फुहार के बीच झारखंड बिहार की सीमा कांवरिया पथ दुम्मा में मेला का उद्घाटन फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया गया। विधायक नारायण दास ने बेलपत्रऔर रूद्राक्ष उद्यान की स्थापना का प्रस्ताव रखा। उपायुक्त विशाल सागर ने कहा कि प्रशासनिक तैयारी कर ली गई है। सबके सहयोग से मेला नयी गाथा लिखेगा।

