जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित कैलाशनगर से सटे लाल बाबा फाऊंड्री में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की तैयारी है, लेकिन इससे पहले यहां माहौल तनावपूर्ण हो गया है। स्थानीय लोग प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रहे हैं। सड़क पर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया गया है। लोग प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौके पर मौजूद हैं। इधर, जिला प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रही हैं। जमशेदपुर कोर्ट के कर्मी, मजिस्ट्रेट, क्यूआरटी और जिला पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया जाएगा।

इधर, स्थानीय लोगों की भीड़ और विरोध को देखते हुए प्रशासन अतिक्रमण हटाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। जैसे ही प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे, वैसे ही राजनीतिक दलों के नेताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रशासन से अतिक्रमण नहीं हटाने की अपील की जा रही है। हालांकि, प्रशासन ने भी अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर ली है।
बता दे कि जिला प्रशासन की ओर से कुल 70 एकड़ के इलाके को अतिक्रमण मुक्त किया जाना है जिसमे कैलाश नगर और मुखी बस्ती भी शामिल है। यहां एक हजार से ज्यादा घर और प्रतिष्ठान मौजूद हैं। फिलहाल लोगों की भीड़ मौके पर मौजूद है।

