चौका : ऑनलाइन ट्रेडिंग की लत एक और परिवार को तबाह कर गई। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के कुरली गांव में एक पति ने ट्रेडिंग करने से रोकने पर पहले अपनी पत्नी और फिर अपने दो वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। आरोपी अशोक महतो घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। मृतकों की पहचान मधुमिता महतो (26) और उनके बेटे रोहित महतो (2) के रूप में हुई है।
सुबह खुला वारदात का राज
घटना रविवार देर रात की बताई जाती है। सोमवार सुबह जब ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले अशोक के पिता विजय महतो, जो रिटायर्ड टीचर हैं, ऊपर के फ्लोर पर पहुंचे, तो उन्होंने घर का दरवाजा खुला पाया। अंदर देखा तो मधुमिता और रोहित के शव खून से लथपथ पड़े थे। अशोक घर में कोई नहीं था।
ऑनलाइन ट्रेडिंग का बढ़ता जुनून
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, अशोक ऑनलाइन ट्रेडिंग का एडिक्ट था। वह अक्सर लोगों से पैसे उधार लेकर शेयर मार्केट में लगाता था और उन्हें ब्याज समेत लौटाता भी था। हाल ही में उसने अपनी पत्नी से भी महिला समिति द्वारा मिले 2 लाख रुपये मांगे थे।
विवाद बना जानलेवा
रविवार रात इसी मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर अशोक ने पत्नी और बेटे की हत्या कर दी। स्थानीय लोग बताते हैं कि अशोक का ट्रेडिंग की ओर इतना झुकाव था कि वह दिन-रात केवल गेम में लगा रहता था।
पुलिस जुटी है आरोपी की तलाश में
घटना के बाद अशोक फरार है। पुलिस ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, अशोक ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के चलते कई लोगों से उधार लिया और उनके पैसे भी लौटाए, लेकिन यह लत उसके लिए जानलेवा साबित हुई।
Read Also- ‘एक हैं तो सेफ हैं’ पर राहुल का तंज, आलमारी से मोदी व अडानी के पोस्टर निकाल पूछा-कौन सेफ है

