नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में जल्द ही सरकार बनाएगी। दूसरी ओऱ बीजेपी दिल्ली के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम करेगी और इसके साथ ही आम आदमी पार्टी की (AAP) सरकार के तहत भ्रष्टाचार की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) बनाने का प्रस्ताव नई सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल होगा। यह बात बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के बाद कही।

नई दिल्ली के मतदाताओं, लाखों मेहनती कार्यकर्ताओं का धन्यवाद….
प्रवेश वर्मा न्यू दिल्ली सीट पर पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 4,000 से अधिक वोटों से हराकर एक ‘जायंट किलर’ के रूप में उभरे हैं। जीत के बाद उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के बारे में पार्टी के विधायकों के साथ परामर्श करके निर्णय लेगा।
वर्मा ने कहा, हमारी पार्टी में विधायिका पार्टी (मुख्यमंत्री उम्मीदवार) का निर्णय करती है और पार्टी नेतृत्व उसकी स्वीकृति देता है। इसलिए पार्टी का निर्णय सभी को स्वीकार्य होगा। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय पार्टी नेतृत्व को दिया और कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया है।
अपनी जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए वर्मा ने कहा कि मैं नई दिल्ली के मतदाताओं, लाखों मेहनती कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूं। यह वास्तव में उनकी जीत है। लोगों ने उन पर विश्वास जताया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने मोर्चा संभाला और एक व्यापक अभियान चलाया, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा। यह जीत सभी की है।
नई सरकार की शीर्ष प्राथमिकताएं होगी….
वर्मा ने नई सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं का भी उल्लेख किया। जिसमें उन्होंने बताया कि हमारी प्राथमिकता महिलाओं को 2500 रुपये देना, भ्रष्टाचार की जांच के लिए SIT बनाना, यमुनापार रिवरफ्रंट, प्रदूषण कम करना, ट्रैफिक जाम को कम करना… हम ऐसी राजधानी बनाएंगे जिस पर हर कोई गर्व करेगा।
बीजेपी ने दिल्ली चुनावों के दौरान बार-बार AAP सरकार और केजरीवाल पर “भ्रष्टाचार” के आरोप लगाए थे। प्रवेश वर्मा की पत्नी स्वाति सिंह वर्मा ने कहा कि यह जीत यह दिखाती है कि दिल्ली के लोगों ने बीजेपी और पीएम मोदी पर विश्वास जताया है। आज की जीत दिखाती है कि लोगों का विश्वास बीजेपी और पीएम मोदी पर है। दिल्ली के लोग पिछले 26 सालों से विभिन्न सरकारों से थक चुके थे। अब विकास होगा।

