सेंट्रल डेस्क : पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के थाईलैंड दौरे के दौरान बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस से मुलाकात के बाद बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार देखा गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात के दौरान बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था, जिसके परिणामस्वरूप अब बांग्लादेश में रामनवमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक अवसरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

इस साल के धार्मिक आयोजनों के दौरान, बांग्लादेश सेना ने पूजा मंडपों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया, जिससे हिंदू समुदाय को बिना किसी डर के अपने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने का अवसर मिला। महा अष्टमी, बसंती पूजा और पुण्यस्नान जैसे आयोजनों के दौरान बांग्लादेश की सेना ने चौबीसों घंटे निगरानी रखी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।
सेना ने पूजा स्थलों, स्नान घाटों और अन्य धार्मिक स्थलों पर अपनी उपस्थिति बढ़ाई, ताकि शांति और सुरक्षा बनी रहे। इस दौरान लाखों भक्तों ने पूजा में भाग लिया, जिनमें भारत, श्रीलंका और नेपाल से भी श्रद्धालु आए थे। बांगलादेश आर्मी ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर गश्त और निगरानी का कार्य किया और यातायात प्रबंधन में भी सहायता प्रदान की।
सेना के इस कदम से न केवल हिंदू समुदाय को सुरक्षा मिली, बल्कि यह बांग्लादेश में धार्मिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की मिसाल भी बनी। सेना ने पूजा समितियों और पुजारियों के साथ संवाद स्थापित किया, जिससे एक सकारात्मक और भरोसेमंद वातावरण बना।
Read also Jamshedpur Ramnavmi : बंद रहेंगी शराब की दुकानें, 9 सुपर जोन बना कर तैनात किए गए 251 मजिस्ट्रेट

