सहरसा (बिहार): बिहार में अपराध के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सहरसा जिले की पस्तपार और पतरघट थाना पुलिस, साथ ही बिहार STF पटना की संयुक्त कार्रवाई में ₹50,000 के इनामी अपराधी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रिंस पुलिस पर हमले और बदमाशों को छुड़ाने के मामले में वांछित था।

मां के श्राद्धकर्म में गुपचुप शामिल होने आया था प्रिंस, STF ने दबोचा
मधेपुरा निवासी प्रिंस कुमार पर कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 12 फरवरी को पतरघट थाना क्षेत्र के भद्दी फाड़ी टोला में जब वह अपने गिरोह के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था, तब पुलिस ने घेराबंदी की। उस समय प्रिंस के साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दो बदमाशों को छुड़ा लिया था। पुलिस ने घटना के बाद विशेष टीम का गठन किया और तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर प्रिंस को उसके गांव में मां के श्राद्धकर्म के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
घटना में बरामद हुए हथियार और बाइक
12 फरवरी की घटना के दौरान देसी कट्टा, तीन मोटरसाइकिल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस कांड में पहले ही चार नामजद अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जिनमें अमर कुमार, अमित कुमार, छोटु केशरी और दिलखुश कुमार शामिल हैं।
प्रिंस कुमार के खिलाफ दर्ज हैं कई संगीन मामले
प्रिंस कुमार के खिलाफ सहरसा और मधेपुरा जिलों में हत्या, अपहरण, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। सदर SDPO आलोक कुमार ने बताया कि यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश अभी जारी है।
“गिरफ्तारी तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर हुई है। गिरोह के बाकी सदस्यों पर भी कार्रवाई जारी है।”
– आलोक कुमार, सदर SDPO

