रांची: झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में हुई अनवरी खातून हत्या कांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, अनवरी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही पति, देवर और सौतन ने मिलकर की थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की साजिश: विवाद से हत्या तक
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, महबूब अंसारी, जो अनवरी का पति है, ने दो शादियां की थीं। इस कारण पहले से ही परिवार में तनाव था। हालांकि, तीन महीने पहले दोनों पत्नियों के बीच समझौता हो गया था और वे एक ही घर में साथ रहने लगी थीं।
तीन जून की रात बना खूनी मोड़
तीन जून की रात अनवरी और उसकी सौतन गजाला परवीन के बीच जबरदस्त विवाद हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि पति महबूब, उसका भाई शहबूब और गजाला ने मिलकर अनवरी की गला रेत कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी हुए फरार
इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जब अनवरी के मायके वालों को सूचना मिली, तो वे उसके ससुराल बसीला गांव पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
प्राथमिकी दर्ज
अनवरी के पिता जिब्राइल अंसारी के बयान पर पुलिस ने कहा कि महबूब अंसारी (पति), शहबूब अंसारी (देवर), गजाला परवीन (सौतन) और मकसूद और मुमताज (अन्य संदिग्ध) के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने तेजी से छानबीन करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल भी कर लिया है। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्रामीण SP का बयान:
ग्रामीण एसपी, रांची प्रवीण पुष्कर ने कहा कि यह एक पारिवारिक विवाद से उपजी दुर्भाग्यपूर्ण हत्या है। हमने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया और आरोपियों को गिरफ्तार किया। अन्य नामजदों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।
Read Also- Jamshedpur Crime: मानगो में दो युवक बेच रहे थे ब्राउन शुगर, पुलिस ने धर दबोचा

