भुवनेश्वर : ओडिशा पुलिस ने इमिग्रेशन अधिकारियों के सहयोग से भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह नागरिक 2018 से कटक में अवैध रूप से रह रहा था और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर व्यापार भी कर रहा था।

इस अफगान नागरिक ने दुबई से उड़ान संख्या 6ई-1488 में सवार होकर भुवनेश्वर हवाई अड्डे पहुंचा और इमिग्रेशन जांच के दौरान खुद को भारतीय नागरिक बताने के लिए फर्जी पासपोर्ट प्रस्तुत किया। उसने खुद को कटक निवासी ‘याहा खान’ बताया। इसके पहले उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। कोलकाता एयरपोर्ट से प्राप्त एलओसी के आधार पर उसकी पहचान अफगानिस्तान निवासी मोहम्मद यूसुफ के रूप में हुई। बाद में एयरपोर्ट अधिकारियों ने कमिश्नरेट पुलिस को सूचित किया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल और अवैध व्यापार
पुलिस ने एयरपोर्ट थाने में मामला दर्ज कर उसे भारत में अवैध प्रवेश, जाली दस्तावेजों का उपयोग और भारतीय पहचान प्रस्तुत करने के आरोप में गिरफ्तार किया। इसके अलावा, विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत भी उसके खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि मोहम्मद यूसुफ ने भारतीय पहचान दस्तावेजों का उपयोग कर ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, पैन कार्ड आदि भी प्राप्त किए थे।
पुलिस ने कटक में की छापेमारी
पुलिस ने उसकी दी हुई जानकारी के आधार पर कटक के बादामबाड़ी क्षेत्र में उसके घर पर छापा मारा, जहां से कई फर्जी दस्तावेज, भारतीय और विदेशी मुद्रा, एक मोबाइल फोन और सोने के आभूषण जब्त किए गए। इसके साथ ही, पुलिस ने उसके असली अफगान पासपोर्ट को भी बरामद किया।
भारत में अवैध प्रवास की बढ़ती समस्या
भारत में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों का मामला लगातार गंभीर हो रहा है। विशेष रूप से बांग्लादेशी नागरिकों का अवैध प्रवास बड़ी चिंता का विषय बन चुका है। रिपोर्टों के मुताबिक, बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक भी भारत में अवैध रूप से रह रहे हैं, और इस मुद्दे को लेकर देश भर में कई राजनीतिक बहसें हो रही हैं। कई नेताओं ने बांग्लादेशी नागरिकों को देश से बाहर निकालने का मुद्दा उठाया है।

