चाईबासा : मानकी-मुंडा संघ, कोल्हान (पोड़ाहाट) और केंद्रीय समिति, पश्चिमी सिंहभूम ने सितंबर में कई अहम कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाटपिंगुवा ने बताया कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और क्षेत्रीय जनहित के मुद्दों पर समुदाय की आवाज को बुलंद करना है।

संघ ने 6 सितंबर (शनिवार) को मानकी-मुंडा सभागार, चाईबासा में कार्यकारिणी बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। यह बैठक सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जिसमें संगठन के पुनर्गठन और आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
गुवा शहीद दिवस के सरकारी कार्यक्रम से दूरी
इस बार संघ ने सर्वसम्मति से तय किया है कि ऐतिहासिक ‘गुवा शहीद दिवस’ के सरकारी कार्यक्रम में वह हिस्सा नहीं लेगा। संघ ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय समुदाय की एकता और स्वतंत्र विचारधारा को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
9 सितंबर को जनाक्रोश रैली
मानकी-मुंडा संघ और डाकुवा समुदाय ने 9 सितंबर (मंगलवार) को पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त के खिलाफ जनाक्रोश रैली निकालने का एलान किया है। यह रैली खुंटकट्टी मैदान से सुबह 10 बजे शुरू होगी और तांबो चौक, टुंगरी ओवरब्रिज, घंटाघर, पोस्ट ऑफिस चौक, भारतीय स्टेट बैंक, सदर थाना, सदर अस्पताल मुख्य गेट, एसोसिएशन ग्राउंड और बड़ी बाजार होते हुए अंत में सुपलसाई स्थित प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचेगी। यहां संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा जाएगा। रैली दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा से आवश्यक अनुमति पहले ही प्राप्त कर ली गई है।
आंदोलन को सफल बनाने की अपील
संघ के महासचिव चंदन होनहागा ने कहा कि यह आंदोलन समुदाय के अस्तित्व और अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं छात्र संगठनों, कृषक बंधुओं, नवयुवकों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों से इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
Read Also- Karma Parv 2025 : झारखंड में करमा पर्व : जहां नृत्य, भक्ति और भाईचारा चलता है साथ

