RANCHI: राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने झारखंड सरकार के मंत्री व झामुमो नेता सुदिव्य कुमार के उस बयान की कड़ी निंदा की है जिसमें उन्होंने राजद नेताओं को धूर्त कहा था। कैलाश यादव ने इस बयान को आपत्तिजनक और पीड़ादायक बताते हुए कहा कि यह न सिर्फ अनुचित है, बल्कि गठबंधन की भावना के भी खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सबसे बड़ी और ताकतवर पार्टी बनकर उभरी है। इंडिया गठबंधन के नेता तेजस्वी यादव हैं। आगामी चुनाव में मुख्य मुकाबला राजद गठबंधन और एनडीए के बीच है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार बिहार में परिवर्तन निश्चित है और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद गठबंधन की सरकार बनना तय है।
उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो प्रमुख और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजद के दिल में विशेष स्थान रखते हैं और एक सम्मानित नेता हैं। बिहार में सीट शेयरिंग को लेकर झामुमो को जगह नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण जरूर है, लेकिन इस मुद्दे को लेकर झामुमो के किसी मंत्री द्वारा राजद को अपशब्द कहना पूरी तरह अनुचित और निंदनीय है।
कैलाश यादव ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को देश का सबसे बड़ा सेक्युलर और सामाजिक न्याय का प्रणेता बताते हुए कहा कि पार्टी किसी भी हालत में बीजेपी को बिहार की सत्ता में वापस नहीं आने देगी।

