Home » RANCHI RIMS NEWS: रिम्स में फिर गरजे बुलडोजर, अवैध निर्माण को किया ध्वस्त

RANCHI RIMS NEWS: रिम्स में फिर गरजे बुलडोजर, अवैध निर्माण को किया ध्वस्त

by Vivek Sharma
RIMS
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: राज्य के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल रिम्स में जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी। हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के बाद प्रशासन की टीम ने रिम्स की जमीन पर बने अवैध ढांचों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान अपार्टमेंट तोड़ने के लिए भी जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि बुलडोजर से अपार्टमेंट का हिस्सा तोड़ने में परेशानी हुई। ऐसे में वहां पर रहने वाले लोगों ने खुद से मजदूर लगाकर तोड़ने का काम शुरू कराया। सीओ बड़गाई ने बताया कि जल्द ही अपार्टमेंट को पूरी तरह से तोड़ दिया जाएगा। साथ ही कहा कि जो भी अवैध निर्माण है उसे हटाया जा रहा है।

विरोध को लेकर पुलिस तैनात

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या विरोध की आशंका को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। मौके पर मैजिस्ट्रेट, नगर निगम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन के अनुसार रिम्स परिसर और उसके आसपास कई वर्षों से अवैध निर्माण था। जिससे अस्पताल की व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। हाईकोर्ट ने सभी अवैध निर्माण को हटाने का स्पष्ट आदेश दिया है।

बाउंड्री निर्माण कार्य देखने पहुंचे निदेशक

इधर रिम्स निदेशक प्रो डॉ राज कुमार ने शनिवार को रिम्स के उत्तर परिसर स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी में चल रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य की समीक्षा की। पूरे रिम्स परिसर में चारों ओर बाउंड्री का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान निदेशक ने जेएसबीसीएल को स्पष्ट निर्देश दिया कि परिसर की सीमा पर स्थित सभी संवेदनशील क्षेत्रों को पूर्णतः बंद किया जाए। डॉक्टर्स कॉलोनी से सटे लोगों द्वारा बाउंड्री निर्माण को लेकर आपत्ति व्यक्त की गई। कुछ स्थानों पर वैकल्पिक शॉर्ट-कट मार्ग बंद हो रहे थे। इस पर निदेशक ने स्थानीय लोगों से कहा कि रिम्स आम जनता की दैनिक आवाजाही की सुविधा को लेकर पूर्णतः संवेदनशील है।

उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि रिम्स द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15–20 फीट तक भूमि सड़क के लिए छोड़कर बाउंड्री का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा जिन जगहों पर सड़कें संकरी हैं, वहां बाउंड्री वॉल का निर्माण 2–3 फीट अंदर की ओर किया जाएगा।

Related Articles