Chaibasa (Jharkhand) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र के कोतरोगढ़ा और पोकाम के बीच जंगल से अज्ञात सिर कटी लाश बरामद होने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। लाश विगत 16 दिसंबर को बरामद हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। इसके बाद शव की पहचान गोइलकेरा थाना अंतर्गत सारूड़ा गांव निवासी 56 वर्षीय करीनाथ लुगुन के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जंगल में फेंक दिया था। मृतक का सिर धड़ से अलग कर किसी अन्य स्थान पर फेंक दिया था। धड़ को बोरे में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया गया था।

घटना के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिला के एसपी अमित रेनू के निर्देश पर थाना प्रभारी विक्रान्त मुण्डा के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू की।
अनुसंधान में हुआ खुलासा
अनुसंधान में पता चला कि करीनाथ लुगुन की हत्या आपसी विवाद के कारण की गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। लेकिन, आरोपी काफी देर तक पुलिस को गुमराह कर रहे थे। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसमें रोडोंगुड़ी गांव निवासी 21 वर्षीय गोमिया होनहागा, डकेदा वनग्राम, गुड़ी निवासी 25 वर्षीय सिप्रियान लुगुन और डकेदा वनग्राम गुड़ी निवासी 25 वर्षीय पोलुस मानकी शामिल है।
दौली और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के दौली और शव छिपाने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। इस संबंध में गोईलकेरा थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी विक्रान्त मुण्डा ने बताया कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की है। छापामारी टीम में थाना प्रभारी गोइलकेरा विक्रांत मुंडा, थाना प्रभारी गुदड़ी सुदर्शन मिंज, उमेश कुमार यादव, सुमन टुडू और पुनीत उरांव सहित अन्य शामिल थे।

