दुमका : झारखंड के दुमका जिले में शिकारीपाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित चौक पर सोमवार की सुबह एक ई रिक्शा चालक की हत्या हो गई। इसके विरोध में ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-114 को जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जाम से रोड के दोनों ओर यात्री और मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

क्या है पूरा मामला
शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के शिमला ढाका गांव में दो पक्षों के बीच में जमीन विवाद चल रहा था। इसे सुलझाने के लिए रविवार को एक पक्ष से सफ़ारुद्दीन मियां ई-रिक्शा से थाना जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने ई-रिक्शा को रोक लिया और उसके चालक सफ़ारुद्दीन मियां से उलझ पड़े कि तुम इन लोगों को अपने रिक्शा में क्यों बैठाया, तुम इसकी तरफ़दारी करते हो। विवाद बढ़ने लगा तो दूसरे पक्ष के लोगों ने ई-रिक्शा चालक सफ़ारुद्दीन मियां की लाठी से पिटाई कर दी। घायल अवस्था में उसे चालक को शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए शाम में दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। वहां से भी चिकित्सकों ने वर्धमान (पश्चिम बंगाल) रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
शव के साथ किया रोड जाम
सोमवार की सुबह जैसे ही शव घर पहुंचा तो परिजन और अन्य ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने शव को सीधे उठाकर शिकारीपाड़ा थाना से कुछ ही दूरी पर बीच चौक पर रखकर एनएच-114 A दुमका रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया। मृतक के भगीना मोइन अंसारी का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिवार वालों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने बताया कि मृतक की छह पुत्री है, इनका लालन-पालन अब कैसे होगा। मोइन ने इस मामले में करीम मियां, कोबाद मियां, जलील अंसारी, अब्दुल मियां, रमजान अंसारी और बशीर मियां को दोषी बताया।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी
सड़क से जाम हटाने के लिए शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा घटनास्थल पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कल रात में ही छह लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दो लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बाकी अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इसके अलावा प्रशासनिक पदाधिकारी के आने के बाद परिजनों को उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा।
Read Also- Chaibasa Elephant Attack : चाईबासा में झुंड से बिछड़े दंतैल गजराज का आतंक, पत्नी की जान, पति जख्मी

