Jamshedpur : जमशेदपुर में गणतंत्र दिवस 2026 के जिला स्तरीय समारोह को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जमशेदपुर में समाहरणालय सभागार में तैयारी को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने की।

बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसओआर राहुल जी आनंद जी, नजारत उप समाहर्ता डेविड बलिहार, डीटीओ धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीईओ मनोज कुमार सहित प्रशासनिक, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी तथा निजी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बताया गया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में किया जाएगा, जहां सुबह 9:05 बजे झंडोतोलन होगा। उप विकास आयुक्त ने समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर और समन्वय के साथ पूरे किए जाएं।
इस वर्ष की परेड में कुल 8 प्लाटून शामिल होंगे, जिनमें जैप-6 का एक प्लाटून, जिला पुलिस बल के दो प्लाटून, जिला गृह रक्षक का एक प्लाटून, एनसीसी (महिला एवं पुरुष) के दो प्लाटून तथा स्काउट एंड गाइड के दो प्लाटून शामिल रहेंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 20 और 21 जनवरी को पुलिस लाइन गोलमुरी, 22 जनवरी को गोपाल मैदान तथा 24 जनवरी को गोपाल मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल के रूप में किया जाएगा, जिसका संयुक्त निरीक्षण उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक करेंगे।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को टाउन हॉल, सिदगोड़ा में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चे देशभक्ति गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
बैठक में सभी सरकारी भवनों और कार्यालयों में झंडोतोलन, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समारोह स्थल पर स्वच्छता, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, एंबुलेंस, अग्निशामक एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए जेएनएसी को जुस्को प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

