Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूम पाइप भुइयांडीह में एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने घर के भीतर फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मृतका का नाम जैता सरकार (36 वर्ष) है। वह एक पैथोलॉजी लैब में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात उनका बेटा शौच के लिए उठा, तभी उसने अपनी मां को फंदे से लटका देखा। यह देख वह घबरा गया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर पिता की नींद खुली और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया।
मृतका के पति बबलू मालगोप बारीडीह स्थित एक होटल में कुक का काम करते हैं। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

