RANCHI: रांची पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अमन साहू गिरोह के खास सदस्य कटप्पा उर्फ अश्विनी कुमार परवता को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ दो अन्य सदस्यों को भी पुलिस ने दबोचा है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि राजधानी रांची में दहशत फैलाने और व्यापारियों को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने विफल कर दिया है। एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास अपराधी राहुल सिंह के निर्देश पर हथियारों का आदान-प्रदान करने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जुटने वाले हैं। इसके बाद विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास स्थित मैदान और झाड़ियों में घेराबंदी की। पुलिस ने दो अपराधियों को रंगे हाथ पकड़ा और उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और एक अपाचे बाइक बरामद की गई। उन्होंने बताया कि अमन साहू के मारे जाने के बाद कटप्पा, राहुल सिंह गिरोह के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। उस पर शहर में रंगदारी वसूली और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
बीआईटी फायरिंग में थे शामिल
जांच में यह भी सामने आया है कि बीआईटी ओपी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में ये लोग शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्टल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने राहुल सिंह गिरोह के लिए काम करने वाले पंकज कुमार उर्फ सोनू शर्मा और रियांश सिंह उर्फ स्वतंत्र उर्फ आरडीएक्स को भी हिरासत में लिया है।
बिहार कनेक्शन आया सामने
प्राथमिक जांच में बिहार कनेक्शन भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि पंकज कुमार ने बिहार में परमानंद यादव को पैसे भेजे थे, जिसे हाल ही में बिहार पुलिस ने एक मुठभेड़ में गोली मारी थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क की अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी है।

