Giridih: गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड के दूधपनिया गांव के रहने वाले विजय कुमार महतो को 23 अक्टूबर को सऊदी अरब में गोली लग गई थी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल विजय कुमार महतो को वहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसकी मौत हो गई थी।

अपने साथ धोखा होने का आरोप लगा रहे परिजन
विजय कुमार महतो का शव अब गिरिडीह के डुमरी प्रखंड पहुंचा है। लेकिन, परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि उनके साथ धोखा हुआ है। जब तक उन्हें इंसाफ नहीं दिया जाता। तब तक वह शव नहीं लेंगे।
अनुमंडल कार्यालय के सामने चलेगा अनिश्चितकालीन धरना
विजय कुमार महतो के पिता सूर्य नारायण महतो का साफ कहना है कि उनका परिवार इंसाफ चाहता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही परिवार के लोग डुमरी अनुमंडल कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। यह धरना तब तक चलेगा जब तक परिवार को इंसाफ नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की मौत गोली लगने से हुई है।
सरकार बताए कि क्या घटना घटी। कैसे गोली लगी। इस मामले में क्या कार्रवाई हुई। साथ ही सरकार परिवार को मुआवजा भी दे। डुमरी के विधायक जयराम महतो ने पूर्व में केंद्र सरकार से आग्रह किया था कि वह विजय कुमार महतो का शव जल्द से जल्द डुमरी लाएं और परिजनों को मुआवजा भी दें। लेकिन, अभी तक परिजनों को मुआवजा नहीं मिला है। इस मामले में विजय कुमार महतो के परिजन पूर्व में राज्यपाल से भी मिल चुके हैं।
Read Also- JHARKHAND HIGH COURT NEWS: न्यायमूर्ति से नोक-झोंक मामले में आ गया HC का फैसला, जानें क्या हुआ

