Jamshedpur : जमशेदपुर में खरकाई और स्वर्ण रेखा नदी से अवैध बालू खनन हो रहा है। खनन विभाग इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है। जमशेदपुर डीसी ऑफिस में मंगलवार को हुई मीटिंग में डीसी कर्ण सत्यार्थी ने खनन विभाग की खिंचाई की और अवैध बालू खनन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि शिकायत मिल रही है कि बागुनहातु और बारीडीह इलाके में स्वर्ण रेखा नदी से नाव के जरिए बालू का अवैध खनन हो रहा है। इस पर फौरन रोक लगाई जाए। साथ ही बालू डीलरों के स्टॉक यार्ड में सीसीटीवी लगाने का भी निर्देश दिया गया है। ताकि बालू के अवैध कारोबार पर निगरानी रखी जा सके।

इसके अलावा, डीसी ने बिना पंजीकरण संख्या वाले वाहनों और ओवरलोडेड वाहनों की धर-पकड़ के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग पर प्रदूषण का मामला भी गर्माया हुआ है। रेलवे को साइड में बाउंड्री करने और खनिज को ढकने की कार्रवाई करने का निर्देश प्रदूषण बोर्ड को दिया गया।
गुड़ा बांदा इलाके में बांग्ला ईंट भट्ठा संचालक को गैर व्यावसायिक उपयोग के लिए 10000 तक ईंट निर्माण की निर्धारित सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। उपायुक्त ने पिछले महीने गठित टास्क फोर्स द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। बालू की कालाबाजारी के रोकथाम का निर्देश जिला खनन अधिकारी को दिया। डीसी ने निर्देश दिया कि जितना भी बालू जब्त किया गया है। उन सब की नीलामी की जाए। पुल-पुलिया के आसपास नदी से बालू का उठाव फौरन रोकने का निर्देश दिया गया है। क्योंकि ऐसा होने से पुल-पुलिया के कमजोर होने का खतरा है। इस मीटिंग में वन प्रमंडल अधिकारी सबा आलम अंसारी, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीओ धालभूम अर्णव मिश्रा, डीटीओ धनंजय आदि मौजूद रहे।
Read Also: East Singhbhum Accident: पूर्वी सिंहभूम में हेलमेट नहीं पहनने से हादसे में गईं 17 जानें

