Home » Jamshedpur Kairav Kidnapping Case : जमशेदपुर में कैरव अपहरण कांड में अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार

Jamshedpur Kairav Kidnapping Case : जमशेदपुर में कैरव अपहरण कांड में अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार

इस घटना को अंजाम देने वाले छह बदमाश पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल, अब तक 11 अपहरणकर्ता गिरफ्तार

by Mujtaba Haider Rizvi
जमशेदपुर कैरव अपहरण कांड में पांच और बदमाश गिरफ्तार, अब तक 11 आरोपी जेल भेजे गए, पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद किया।
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में दर्ज हुए कैरव अपहरण कांड को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है। इस मामले में इसी गिरोह के छह बदमाश पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। इस तरह, इस मामले में अब तक कुल 11 बदमाश जेल भेजे गए हैं। इस सनसनीखेज मामले में अपहृत युवक कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया था।

एसएसपी पीयूष पांडे ने शनिवार को बताया कि 13 जनवरी को सीएच एरिया के रहने वाले 24 वर्षीय कैरव गांधी का अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर चलाए गए तहकीकात की गई। इसके आधार पर पुलिस ने अपहरणकर्ताओं पर दबाव बनाया तो बदमाशों ने 26 जनवरी की रात अपहृत कैरव गांधी को हजारीबाग के चौपारण व बरही के बीच में जीटी रोड पर छोड़ दिया और भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी अभियान चला कर छह आरोपियों गुड्डू सिंह, उपेन्द्र सिंह, अर्जुन सिंह उर्फ आर्यन, मो. इमरान आलम उर्फ आमिर, रमीज राजा और मोहन कुमार प्रसाद को गिरफ्तार कर 30 जनवरी को जेल भेजा दिया था।

लुधियाना के बदमाश ने रची थी अपहरण की साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि इस अपहरण की साजिश एक फरार अपराधी ने अपने सहयोगी अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह के साथ रची थी। दोनों लगभग छह माह पूर्व जमशेदपुर आकर साकची क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे और कैरव गांधी की गतिविधियों की लगातार रेकी कर रहे थे। साजिश के तहत अपराधियों ने आपस में एक-दूसरे की पहचान छिपाए रखी, ताकि गिरफ्तारी की स्थिति में पूरा नेटवर्क उजागर न हो।

अपहरण करने पुलिस वर्दी में आए थे बदमाश

अपहरण के दिन अपराधी पुलिस वर्दी में घटनास्थल पर पहुंचे। कैरव गांधी को स्कॉर्पियो वाहन से चांडिल गोलचक्कर ले जाकर दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया और रांची होते हुए डोभी, फिर गया जिले के बिसर गांव में बंधक बनाकर रखा गया। घटना के बाद आरोपी पंजाब, दिल्ली, कोलकाता और बिहार में छिपते रहे।

यह पांच बदमाश किए गए गिरफ्तार

अंतर्राज्यीय नेटवर्क को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) के नेतृत्व में कई विशेष छापामारी टीमें गठित की गईं। समन्वित कार्रवाई में पंजाब, दिल्ली, कोलकाता और बिहार से पांच अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई, जिनमें मनप्रीत सिंह सेखों, राजकरण यादव, गुरदीत शेर सिंह, अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह और संतोष कुमार उर्फ संतोष विलेन शामिल हैं।

बदमाशों के पास से यह सामान हुए बरामद

छापेमारी के दौरान घटना में प्रयुक्त पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संतोष कुमार, गुरदीत शेर सिंह और अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और इस संगठित गिरोह के अन्य कड़ियों को भी जल्द बेनकाब किया जाएगा।

READ ALSO: Jharkhand Bureaucracy : नौकरशाही : ‘वो बात’ ना-गवार गुजरी…

Related Articles

Leave a Comment