चाईबासा : सारंडा वनक्षेत्र स्थित किरीबुरू के मर्चिगाड़ा में रविवार को वनाधिकार विजय दिवस सह अभिनंदन समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद जोबा मांझी उपस्थित रहीं। इस मौके पर सांसद ने शक्ति स्थल पर जल, जंगल और जमीन आंदोलन के प्रणेता देवेंद्र माझी सहित आंदोलनकारियों को पारंपरिक तरीके से श्रद्धांजलि दी।

अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि जंगल में बसे लोगों को जल, जंगल, जमीन पर अधिकार के लिए लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा और देवेंद्र माझी सरीखे कई आंदोलनकारियों ने अपनी शहादत दी। वन पट्टा मिलने के बाद भी सारंडा में बसे ग्रामीण मूलभूत आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने स्तर से ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं। खनन कंपनियों से सांसद ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को संज्ञान में लेकर उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में तत्परता दिखाएं। केवल खनन तक सीमित नहीं रहे। इससे पूर्व मर्चिगाड़ा पहुंचने पर सांसद का ग्रामीणों ने पारंपरिक नृत्य और गीत के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन रोमल टोपनो ने किया।
कार्यक्रम को समाजसेवी सोनू सिरका, स्टीफन कोनगाड़ी, लाको तिडू, करलुस मुंडरी, महेंद्र होनहागा, जय मसीह हेम्ब्रम, जय मसीह मुंडा आदि ने भी संबोधित किया। विजय दिवस कार्यक्रम में मर्चिगाड़ा के अलावा जम्बईबुरू, तोपकोय, कतोगड़ा, बालेहातु, धरनादिरी, रांगरिंग, मरीदा चालीस, लोहराबेडा, चेरेवालोर, करमपदा, कुलातुपु आदि गांवों के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
Read Also: Chaibasa News: पुलिया से गिरकर युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

