Jamshedpur : ईरान के सुप्रीम लीडर सैयद अली खामेनाई की हत्या के विरोध में जमशेदपुर में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार रात करीब 7:30 बजे मुस्लिम समाज की महिलाओं और पुरुषों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया।

कैंडल मार्च मानगो चौक से ऐनी हुसैन व तहज़ीब रिजवी और शास्त्री नगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रईस रिजवी व मून रिजवी के नेतृत्व में अलग-अलग निकाला गया, जो आगे चलकर साकची गोल चक्कर पर एकत्र हुआ। वहां प्रदर्शनकारियों ने इज़रायल और अमेरिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को “गुंडागर्दी” करार देते हुए कहा कि अब सभी को एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी।

प्रदर्शन के दौरान एक मस्जिद के पेश इमाम मौलाना जकी हैदर रिजवी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आयतुल्लाह खामेनाई की शहादत से ईरान खत्म नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा, “इंशाल्लाह ईरान की जीत होगी और अब वक्त आ गया है कि फिलिस्तीन को आज़ाद कराया जाए।”

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रईस रिजवी छब्बन ने कहा कि अब अमरीका की दादागीरी बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब एपीस्टीन फाइल के मुजरिमों को ईरान सबक सिखाएगा। ईरान ही अमरीका की दादागीरी खत्म करेगा। प्रदर्शन में शामिल ऐनी हुसैन ने कहा कि ईरान परमाणु ऊर्जा का उपयोग शांतिपूर्ण कार्यों के लिए कर रहा है, उसका परमाणु बम बनाने का कोई इरादा नहीं है। इसके बावजूद अमेरिका और इज़रायल परमाणु हथियारों का बहाना बनाकर ईरान पर हमले कर रहे हैं, जिसका हर स्तर पर विरोध होना चाहिए।

धतकीडीह के महताब हुसैन ने कहा कि ईरान हमेशा मजलूमों के साथ रहा है। उसने अमेरिकी तानाशाही का हर दम विरोध किया है। इसी वजह से अमेरिका ईरान के पीछे पड़ा हुआ है। मगर, अब वह दिन आ गया है जब अमेरिका के साथ ही इसराइल को भी पछताना पड़ेगा। अब फिलिस्तीन के आजाद होने का समय आ गया है। इंशाअल्लाह हम सब फिलिस्तीन को आजाद होता हुआ देखेंगे।

यह प्रदर्शन हुसैनी मिशन के बैनर तले किया गया। प्रदर्शन में मुनीर हसन, रईस रिज़वी, कमर हैदर, मोहम्मद राशिद, आशकार हैदर, इनाम अब्बास, रियाजुद्दीन खान, अफसर इमाम चिंटू, सगीर हुसैन, रेहान हुसैन, महताब हुसैन, हसनैन, हसन, अब्बास हुसैन, अबरार हुसैन, इकबाल, अशर हसनैन, यूशा महदी, ऐनी हुसैन, मून रिजवी, तहज़ीब रिज़वी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
READ ALSO: THE PHOTON NEWS EXCLUSIVE : दवा दुकान में बिना लाइसेंस नहीं बेच सकेंगे फूड सप्लीमेंट

