बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले के सिवनडीह इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक गैस दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
आग लगने के बाद वहां रखे कई गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। आग तेजी से फैलती हुई आसपास की दुकानों तक पहुंच गई, जिससे कई प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान हुआ है।
दमकल ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

