Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीडी बागान के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े पुआल लदे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
गौरतलब है कि कार में सवार तीन युवक चाकुलिया से धालभूमगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा घुसी। इस दुर्घटना में धोबासोल गांव निवासी विश्वजीत मुंडा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल मोहित महतो और सन्नी यादव को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं झामुमो नेता कृति सुंदर महतो और गौतम दास भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहन को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Read also Jamshedpur News : जमशेदपुर में घर के अंदर गिरने से वृद्ध की मौत, परिवार में मातम

