Ramgarh : चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मां छिन्नमस्तिका मंदिर को इस बार भव्य और दिव्य रूप देने की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। खास बात यह है कि इस बार भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग सहित पूरे मंदिर को आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा।
नवरात्र के दौरान मंदिर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिलता है। वैसे तो सालभर यहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है, लेकिन इन नौ दिनों में भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-पाठ, हवन और मां की आराधना में लीन रहते हैं। सुबह से शाम तक मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां छिन्नमस्तिका के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है। यही वजह है कि इस मंदिर की आस्था दूर-दूर तक फैली हुई है और नवरात्र के समय इसकी भव्यता अपने चरम पर होती है।
मंदिर के वरिष्ठ पुजारी एवं न्यास समिति के सदस्य शुभाशीष पंडा के अनुसार, नवरात्र में मां की पूजा का विशेष महत्व होता है। उन्होंने बताया कि इस बार सजावट को और भी आकर्षक बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हो सके।
मंदिर की सजावट में कोलकाता से आए कारीगरों की अहम भूमिका है। कारीगर अमर सामंता ने बताया कि उनकी 17 टीमें दिन-रात काम कर रही हैं। इस बार पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। विभिन्न प्रकार के फूलों से तैयार शिवलिंग और पूरी सजावट मंदिर की सुंदरता को और निखार देगी।
मंदिर न्यास समिति और बंगाल के श्रद्धालुओं के सहयोग से हो रही यह भव्य सजावट धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक समन्वय का बेहतरीन उदाहरण है। सजावट पूरी होने के बाद मंदिर की मनमोहक छटा और फूलों की खुशबू श्रद्धालुओं को खास आकर्षण का अनुभव कराएगी, जिसे लोग अपने कैमरों में भी कैद कर सकेंगे।

