रांची। झारखंड की राजधानी रांची में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने दक्षिण पूर्व रेलवे के एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुख्य कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर के रूप में हुई है।
सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने यह कार्रवाई हटिया स्थित डीआरएम कार्यालय के पास की, जहां आरोपी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इस मामले की शिकायत रेलवे ठेकेदार अजय त्यागी ने दर्ज कराई थी।
बिल पास कराने के बदले मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनका करीब 8.70 लाख रुपये का बिल रेलवे में लंबित था। आरोप है कि इस बिल को पास कराने के बदले हिमांशु शेखर ने रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद अजय त्यागी ने सीबीआई से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने डीआरएम कार्यालय के पास जाल बिछाया और योजना के तहत आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य और संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।
सीबीआई ने की अपील – रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार की तुरंत दें सूचना
इस कार्रवाई के बाद रेलवे और अन्य केंद्रीय संस्थानों में भ्रष्टाचार को लेकर सख्त संदेश गया है। सीबीआई ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रम या संस्थान में रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार का मामला सामने आता है, तो इसकी सूचना तुरंत एजेंसी को दें।
सीबीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

