रांची। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने राज्य के बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में नामांकन के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 26 अप्रैल को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे 10 मई को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
पर्षद की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक उम्मीदवार 7 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित थी। आवेदन प्रक्रिया 25 फरवरी से शुरू हुई थी।
आवेदन फॉर्म में सुधार 8 और 9 अप्रैल को
इसके अलावा, आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए अभ्यर्थियों को 8 और 9 अप्रैल का समय दिया गया है। इस दौरान उम्मीदवार अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।
प्रवेश परीक्षा राज्य के विभिन्न शहरों—रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा में आयोजित की जाएगी। परीक्षा ओएमआर आधारित होगी, जिसमें कुल 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग लागू होगी।
अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से चार दिन पहले पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। सीट आवंटन में 85 प्रतिशत सीटें झारखंड के विश्वविद्यालयों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि शेष 15 प्रतिशत सीटों पर अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को भी मौका मिलेगा।
वहीं, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के पांच प्रमंडलों के एक-एक डायट में डीएलएड कोर्स संचालित करने की अनुमति दी है। इसके तहत तीन शैक्षणिक सत्रों में नामांकन लिया जाएगा।

