घाटशिला : घाटशिला समेत जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार प्रयासरत सांसद विद्युत वरण महतो को भाजपा के घाटशिला मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह मऊभंडार स्थित निदेशक बंगलों में आयोजित हुआ। मंडल के अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि सांसद के प्रयास से घाटशिला के फूलडूंगरी और बहरागोड़ा नेशनल हाईवे में अंडरपास निर्माण को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है।
अंडरपास के लिए टेंडर भी हो गया है फाइनल
अंडरपास के लिए टेंडर भी फाइनल हो गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। अंडरपास बनने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जान-माल की भी सुरक्षा सुनिश्चित होगी। कहा कि सांसद के प्रयास से घाटशिला रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है, जिसके तहत स्टेशन का व्यापक विकास किया जा रहा है। इससे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा में लगातार सुधार हो रहा है। सांसद विद्युतवरण महतो ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध रहे हैं और आगे भी इसी तरह कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, दिनेश साव, रोहित सिंह, साकेत अग्रवाल समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

