Gumla : कामडारा थाना क्षेत्र के टोंगरी टोली निवासी ग्लेडसन कंडुलना ने अपनी पत्नी शांति कंडुलना (28 वर्ष) को नशे की हालत में तेज धार हथियार से हमला कर मार डाला। घटना सोमवार रात की है। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं परिवार में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
गौरतलब है कि आरोपित ग्लेड्सन कंडुलना के चचेरे भाई विकास कंडुलना की शादी अगले दिन थी। घर के सभी सदस्य शादी की तैयारियों में लगे थे। तभी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने घर में रखे तेज धार हथियार से पत्नी के पेट पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कामडारा लेकर पहुंचे। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपियों की तलाश में हो रही छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही कामडारा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Chaibasa Crime News : चमकाने के लिए ली सोने की चेन, पत्थर थमाकर भाग निकले महाठग, आप भी रहें सतर्क

