
CHAIBASA : चेक रिपब्लिक यूरोप मे विगत 27 जून से 5 जुलाई तक विश्व पारा आर्चरी प्रतियोगिता आयोजन किया गया। जिसमें पश्चिमी सिंहभूम जिला के विजय सुंडी ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। उनके सम्मान में शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर विजय सुंडी एवं उनके कोच महर्षि महेंद्र सिकुं को पुष्प गुच्छ, शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन प्रकाश एवं अन्य पदाधिकारीयों के हाथों सम्मानित किया गया । पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष सह चाईबासा नगर अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद खिलाड़ी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। दिव्यांग होने के बाद भी अपने मेहनत और लगन से मुकाम हासिल करना अपने आप में एक गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि जिला ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को प्रत्येक वर्ष सम्मानित किया जाता है जिसके फलस्वरूप जिला में लगातार पदक विजेताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। मौके पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव अजय नायक, विकास शर्मा, धर्मवीर पासवान, मानकी कुदादा गंगाधर नाग, अर्जुन महाकुड, विमल विरुवा, अर्जुन बानरा, वैगो पुरती, गुरु चरण कुदादा के अलावा अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।

