
कुंडहित : झारखंड के जामताड़ा जिला अंतर्गत कुंडहित प्रखंड क्षेत्र के भेलुआ पंचायत अंतर्गत बाघझापा मौजा में रविवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मुनिलाल सोरेन के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में तेज बारिश शुरू होने पर मुनिलाल सोरेन धान की खेती की तैयारी के लिए खेत में ट्रैक्टर लगवाने गया था। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने जब उसे खेत में गिरा देखा तो तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना ग्रामीणों ने कुंडहित थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई।
इधर, घटना से मृतक के स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता एवं आपदा राहत योजना के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों एवं पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

