
Jamshedpur : जमशेदपुर में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। साकची के बाराद्वारी नार्थ काशीडीह एरिया में सब्जी मैदान के पास एक क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर यहां से ₹3लाख नकद और सोना व चांदी के जेवरात पार कर ले गए हैं। पुलिस ने इस मामले में छह दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की है।
बताया जा रहा है कि घटना 16 जुलाई की है। पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि यह चोरी चौधरी ब्रह्म नारायण राम के क्वार्टर में हुई है। उनका क्वार्टर बाराद्वारी में नॉर्थ काशीडीह एरिया में सब्जी मैदान के पास है। उनके क्वार्टर का नंबर एल 53 है। यहीं चोरी की घटना अंजाम दी गई है।। थाना प्रभारी ने मामले की जांच एसआई सुजीत कुमार को सौंपी है। पुलिस अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। चोरों का पता भी नहीं लगाया जा सका है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में इन दिनों अपराध चरम पर है। ऐसा कोई दिन नहीं बीत रहा जब बदमाश घटनाओं को अंजाम नहीं दे रहे हों। कदमा में बुधवार की रात को ही एक महिला से चेन छिनतई हुई है। चोर महिला के गले से 16 तोले की चेन पार कर ले गए हैं मगर, अब तक पुलिस बदमाशों को पकड़ने में नाकाम रही है। पुलिस घटनाएं नहीं रोक पा रही है। घटना के बारे में पुलिस का पक्ष जानने के लिए साकची थाना प्रभारी का फोन लगाया गया मगर, उन्होंने रिसीव नहीं किया।

