गुरुग्राम: हरियाणा के नूंह और आसपास के जिलों में सांप्रदायिक हिंसा के विषय में सोशल मीडिया पर भड़काऊ व भ्रामक पोस्ट करने पर सुदर्शन न्यूज के एक संपादक को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि टीवी चैनल के स्थानीय संपादक मुकेश कुमार को गुरुग्राम साइबर थाना पूर्वी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि पुलिस को लेकर उन्होंने भ्रामक खबर फैलाया है। पुलिस की ओर बताया गया कि कुमान ने अपने सोशल मीडिया एकाउंड से एक पोस्ट किया था जिसमें कहा था कि एक विदेशी मीडिया हाउस गुरुग्राम पुलिस आयुक्त को फोन कर सांप्रदायिक दंगों को लेकर हिंदुओं के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बना रहा है। तब पुलिस ने इस पोस्ट को ‘‘आधारहीन, झूठा और भ्रामक’’ बताया।
चैनल ने पुलिस की कार्रवाई को बताया मीडिया पर हमला:
टीवी चैनल ने अपने स्थानीय संपादक मुकेश कुमार की गिरफ्तारी को मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला करार दिया और शुरू में आरोप लगाया था कि कुछ गुंडों द्वारा उनका ‘‘अपहरण’’ किया गया था। गत 31 जुलाई को नूंह में विश्व हिंदू परिषद की जलाभिषेक यात्रा पर हमले और इसके बाद भड़की सांप्रदायिक हिंसा में छह लोग मारे गए थे।

जानिए कुमार ने क्या किया था ट्वीट:
आठ अगस्त को कुमार ने ट्वीट किया, अल जजीरा समाचार चैनल गुरुग्राम की पुलिस आयुक्त को कॉल कर उन पर हिंदुओं के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बना रहा है। इस दबाव के बाद कहीं से भी हिंदू कार्यकर्ताओं को उठाया जा रहा है। इसके बाद उनके खिलाफ साइबर अपराध थाने में आईटी अधिनियम की संबंधित धारा और अन्य धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी के आलोक में गिरफ्तारी हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण दहिया ने शुक्रवार को कहा कि कुमार को गिरफ्तार कर उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सुदर्शन चैनल ने पहले यह किया था दावा:
सुदर्शन न्यूज ने पहले ट्वीट कर दावा किया था कि उसके स्थानीय संपादक कुमार का गुरुग्राम से अपहरण कर लिया गया है। चैनल ने दावा किया कि कुमार संघर्षरत हिंदू कार्यकर्ताओं की मदद के लिए मेवात गए थे। इसमें कहा गया कि गुरुग्राम के सेक्टर-17 में ‘गुंडों’ ने उनका अपहरण कर लिया। बाद में उसने एक और बयान जारी कर कहा कि गिरफ्तारी की सूचना देने के लिये बयान जारी करने में गुरुग्राम पुलिस को सात घंटे लग गए। चैनल ने गिरफ्तारी को पूरी तरह गलत करार दिया।

